बिहार डेस्क:-ध्रुव झा पूर्णिया
पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब पहली बार नई दिल्ली–गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस (12424) पूर्णिया जंक्शन पहुंची। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ट्रेन के चालक और गार्ड का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस मौके पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि कटिहार–किशनगंज रेलखंड के बीच नई रेलवे लाइन निर्माण कार्य के कारण वर्तमान में गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से पूर्णिया जंक्शन होकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन स्थायी रूप से पूर्णिया जंक्शन मार्ग से हो, इसके लिए उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री तथा बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है।
विधायक ने कहा कि पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस के पूर्णिया जंक्शन पर आगमन एवं प्रस्थान समय में यात्रियों की सुविधा के अनुरूप बदलाव तथा पूर्णिया से लंबी दूरी की नई ट्रेनों के परिचालन को लेकर भी पहल की जा रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में राजधानी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का नियमित परिचालन पूर्णिया जंक्शन होकर होगा, जिससे सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्राप्त होगी।
राजधानी एक्सप्रेस के स्वागत समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, विनय शाह, विजय मांझी, राजेश गोस्वामी, चंदन पासवान, सीमा झा, आशा देवी, संजय मिश्रा, अमित महतो, मुन्ना ठाकुर, मनोज कुमार मोनू, अमित डब्लू, पवन सहनी, रुपेश शर्मा, पप्पू पासवान, मुकेश मिश्रा, रवि कुमार, संजय पटवा, तापस रुद्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्टेशन, जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारी तथा स्थानीय रेल यात्री भी मौजूद थे।
