बिहार डेस्क:-ध्रुव झा पूर्णिया
पूर्णिया स्थित वृद्धाश्रम ‘सहारा’ में शुक्रवार को विशेष निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।इस अवसर पर बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, कसबा विधायक नितीश कुमार सिंह, रूपौली विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक अमरेश कुमार, कोषागार पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार तथा स्वयंसेवी संस्था के सचिव रणधीर कुमार सिंह उपस्थित रहे।अतिथियों का स्वागत वृद्धाश्रम प्रबंधन समिति एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने वृद्धाश्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय कक्ष, भोजनालय, स्वास्थ्य सुविधा केंद्र तथा मनोरंजन कक्ष का अवलोकन कर वृद्धजनों की देखभाल, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने आंवला, गुलमोहर एवं आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे हरित एवं स्वस्थ वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।निरीक्षण के बाद अतिथियों ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। केंद्रीय मंत्री ने उनकी दैनिक आवश्यकताओं, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा व्यक्तिगत अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना। वृद्धजनों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न सुझाव दिए।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री द्वारा सभी वृद्धजनों को सम्मान स्वरूप शॉल भेंट किए गए तथा फल एवं अन्य खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। इस पहल को वृद्धजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। वहीं भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने आश्वासन दिया कि वृद्धाश्रम में खाद्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु विभागीय सहयोग निरंतर जारी रहेगा। कसबा विधायक नितीश कुमार सिंह ने स्थानीय स्तर पर वृद्धजनों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।जिला प्रशासन की ओर से भी वृद्धाश्रम की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
