पूर्णिया को मिला नया एसएसपी डॉ.शौर्य सुमन संभालेंगे पुलिस महकमे की कमान,
स्वीटी सहरावत का विशेष शाखा में हुआ तबादला,राज्य में29पुलिस अधिकारियों का हुआ स्थानांतरण
बिहार डेस्क:-ध्रुव झा पूर्णिया
बिहार सरकार ने प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्णिया जिले के पुलिस महकमे की कमान नए हाथों में सौंप दी है।राज्य सरकार द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार बेतिया के पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन को पूर्णिया का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है।वे वर्तमान एसपी स्वीटी सहरावत का स्थान लेंगे।वहीं स्वीटी सहरावत का तबादला विशेष शाखा पटना में एसपी के पद पर किया गया है।
सरकार ने इस आदेश के तहत दो बीपीएस अधिकारियों समेत कुल 29 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है।वर्ष 2017 बैच के युवा और चर्चित आईपीएस अधिकारी डॉ. शौर्य सुमन की पहचान एक सख्त लेकिन संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में रही है। उनके पिता भारतीय सेना में मेजर थे।जिनसे उन्हें राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिली।पुलिस सेवा में आने से पहले वे चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे और मुंबई से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी।
डॉ. शौर्य सुमन ने चिकित्सा क्षेत्र में सुरक्षित और प्रतिष्ठित करियर को छोड़कर वर्ष 2015 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी शुरू की। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में स्थान प्राप्त किया।बिहार पुलिस में अपनी प्रभावी कार्यशैली के लिए चर्चित डॉ. सुमन ने जमुई और बेतिया जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं।
जमुई में पदस्थापना के दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में स्वयं कैंप कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने का कार्य किया। नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व करने के साथ-साथ उन्होंने स्थानीय लोगों का विश्वास जीतने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से भी जुड़ाव बनाए रखा।एक चिकित्सक की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा शिविरों का आयोजन करवाया, जिससे स्थानीय जनता और पुलिस के बीच बेहतर संबंध स्थापित हुए।उनकी इसी जनोन्मुखी कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए अब उन्हें सीमांचल के महत्वपूर्ण जिले पूर्णिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

