हमेशा से हुई है सीमांचल की उपेक्षा,AIMIMका हमला,सरकार सहित कटिहार सांसद तारिक अनवर पर आदिल हसन ने साधा निशाना
सीमांचल की उपेक्षा परAIMIMका हमला,सरकार और सांसद तारिक अनवर पर साधा निशाना
बिहार डेस्क:-तुषार शाण्डिल्य कटिहार
एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने कटिहार में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बिहार सरकार पर सीमांचल क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकार गठन के समय सीमांचल के विकास और न्याय का वादा किया था, लेकिन छह महीने बाद भी क्षेत्र में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।
आदिल हसन ने कहा कि कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जैसे जिले आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बिजली आपूर्ति में असमानता का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां पटना में 23-24 घंटे बिजली उपलब्ध रहती है, वहीं कटिहार जिले के बलरामपुर, बारसोई।
आजमनगर, सलमारी, प्राणपुर और मनिहारी सहित कई क्षेत्रों में बिजली संकट बना हुआ है। साथ ही उन्होंने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां नहीं होने की बात भी कही।
उर्दू भाषा के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हाल ही में घोषित 206 कॉलेजों की सूची में उर्दू को उचित स्थान नहीं दिया गया है। उनके अनुसार उर्दू किसी धर्म या जाति की भाषा नहीं, बल्कि भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत और बिहार की दूसरी राजभाषा है।
प्रेस वार्ता में आदिल हसन ने कटिहार के सांसद तारिक अनवर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें वर्षों से समर्थन दिया है, लेकिन जिले के ज्वलंत मुद्दों पर उनकी सक्रियता दिखाई नहीं देती। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में चचरी पुलों के सहारे आवागमन की समस्या का भी उल्लेख किया।इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आफताब आलम ने कहा कि प्राणपुर क्षेत्र में AIMIM को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी किसी एक समुदाय की नहीं,बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।